test

कबाड़ी ने ठुकराया, अब नगरपालिका खरीदेगी वही कचरा, सफाई कर्मियों की भी होगी नगदी आय


चंदेरी (विनीत श्रीवास्तव) -- नगर पालिका चंदेरी ने स्वच्छता और रिसाइक्लिंग को बढ़ावा देने के लिए एक नई पहल शुरू की है। अब नगरपालिका ऐसे सूखे कचरे को भी खरीदेगी, जिसे सामान्यतः कबाड़ी नहीं खरीदते हैं। इसमें ब्लैक प्लास्टिक, मल्टी लेयर प्लास्टिक, खराब प्लास्टिक सामग्री, कांच की बोतलें, पुराने जूते-चप्पल, इलेक्ट्रॉनिक वेस्ट एवं अन्य अनुपयोगी सूखा कचरा शामिल है।
नगरपालिका ने नागरिकों से अपील की है कि वे इस तरह का कचरा फेंकने के बजाय स्वच्छता पार्क स्थित MRF सेंटर पर लाकर बेचें। इसके लिए नगरपालिका द्वारा अलग-अलग सामग्री के निर्धारित दाम तय किए गए हैं, जिससे लोगों को आर्थिक लाभ भी मिलेगा और शहर में कचरा फैलने से रोकने में मदद मिलेगी। नगरपालिका के कचरा वाहन भी घर-घर से गीला और सूखा कचरा अलग-अलग एकत्र कर रहे हैं। रिसाइक्लिंग योग्य सामग्री को स्वच्छता पार्क स्थित MRF सेंटर में छांटकर आगे रिसाइक्लिंग के लिए भोपाल भेजा जाता है। इस पहल का सबसे बड़ा उद्देश्य ऐसे कचरे का सही प्रबंधन करना है, जिसे कबाड़ी खरीदने से मना कर देते हैं। वहीं इस कचरे की बिक्री से होने वाली आय नगरपालिका के सफाई कर्मियों को नगद प्रोत्साहन के रूप में दी जा रही है, जिससे उनकी अतिरिक्त आय भी बढ़ रही है। फीडबैक फाउंडेशन के प्रोजेक्ट मैनेजर मनीष सिंह राजपूत ने बताया कि यह पहल शहर को स्वच्छ बनाने के साथ-साथ लोगों को कचरा पृथक्करण और रिसाइक्लिंग के प्रति जागरूक करने का काम कर रही है। गुरुवार को नगर पालिका परिसर में इस पहल से आय अर्जित करने वाले सफाई कर्मियों को नगरपालिका अध्यक्ष संतोष दशरथ कोली द्वारा राशि वितरित की गई। इस अवसर पर उपयंत्री अमित जैन, पार्षद पति तौफीक खान सहित नगरपालिका के कर्मचारी उपस्थित रहे।

इनका कहना 

नगरपालिका का उद्देश्य ऐसे कचरे को भी रिसाइक्लिंग प्रक्रिया से जोड़ना है, जो आमतौर पर इधर-उधर फेंक दिया जाता है। जिसे कबाड़ी नहीं खरीदते, ऐसे कचरे को अब नगरपालिका खरीदेगी। इससे शहर स्वच्छ रहेगा, पर्यावरण सुरक्षित रहेगा और सफाई कर्मियों को अतिरिक्त नगद आय प्राप्त होगी।

  प्रदीप शर्मा, सीएमओ चंदेरी

कोई टिप्पणी नहीं:

नई जिम्मेदारियों के साथ भाजपा नगर मंडल की नई टीम का सम्मान, संगठन को मजबूत बनाने का लिया संकल्प

चंदेरी ( विनीत श्रीवास्तव) :- भारतीय जनता पार्टी नगर मंडल चंदेरी की नवगठित कार्यकारिणी के सम्मान में विधायक कार्याल...

Popular Posts

Blogger द्वारा संचालित.